हिस्ट्रीशीटर पिता और उसकी पत्नी ने अपने ही नाबालिग बेटे को नशे के धंधे में झोंक दिया।

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। नशे के अवैध कारोबार ने रिश्तों की सारी सीमाओं को तोड़ दी हैं। हिस्ट्रीशीटर पिता और उसकी पत्नी ने अपने ही नाबालिग बेटे को नशे के धंधे में झोंक दिया। माता-पिता द्वारा स्कूटी देकर 16 वर्षीय किशोर से हेरोइन की सप्लाई कराई जा रही थी। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में किशोर को 112.3 ग्राम हेरोइन के साथ दबोच लिया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 33 लाख रुपये है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा और एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम को गदरपुर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट प्रभारी पावन स्वरूप के नेतृत्व में टीम ने रविवार रात गदरपुर पहुंचकर थानाध्यक्ष संजय पाठक और स्थानीय पुलिस के साथ करतारपुर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक किशोर पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 112.3 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में किशोर ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि यह हेरोइन उसके पिता शाकिर अली उर्फ नकटा और मां शाइन ने दी थी। दोनों ने उसे निर्देश दिया था कि पुलिया के पास खड़े व्यक्ति को यह पैकेट सौंप देना। माता-पिता ने खुद की स्कूटी देकर बेटे से तस्करी कराई जा रही थी। पुलिस के अनुसार शाकिर अली थाना गदरपुर का हिस्ट्रीशीटर है और क्षेत्र में “नकटा” नाम से कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर है। उस पर नौ जबकि उसकी पत्नी शाइन पर छह आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ गदरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नाबालिग किशोर को संरक्षण में ले लिया गया है, जबकि फरार माता-पिता की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपी दंपति को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *