लाखों की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा।

खबरें शेयर करें

काशीपुर। आईटीआई थाना क्षेत्रांतर्गत जसपुर खुर्द में करीब नौ माह पूर्व हुई लाखों की चोरी का खुलासा हो गया है। थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके घर से दो लाख पांच हज़ार रुपये बरामद करने के साथ ही एक बाइक भी कब्जे में ली है। वारदात में शामिल दूसरे व्यक्ति की तलाश जारी है। आपको बता दें कि 4 मार्च 2025 को तुषांक अग्रवाल पुत्र राजीव अग्रवाल निवासी वेदान्ता हाईट्स काशीपुर ने थाना आईटीआई पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गंगा बाथ एंड आर्टस इम्पोरियम के नाम से जसपुरखुर्द में गैस एजेंसी के सामने स्थित अपनी दुकान पर 3 मार्च को जब वह रोजाना की तरह पहुंचा तो देखा कि 3 गल्लों के लॉक टूटे थे और उसमें से लगभग छ: लाख रूपये गायब थे। सीसीटीवी कैमरा देखा तो पता चला कि दो अज्ञात ने गल्लों का लॉक तोड़कर उक्त रकम चोरी की है। पुलिस ने धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर एक टीम का गठन किया गया। करीब चार सौ-साढ़े चार सौ सीसीटीवी कैमरे खंगालती टीम ने चोरों की तस्दीक की और 30 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर चौकी पैगा क्षेत्रांतर्गत गुलड़िया रोड स्थित मानपुर दत्तराम तिराहे के पास एक बाइक को रोका तो बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति मौके से भाग गया, जबकि बाइक चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। जिसने अपनी पहचान सोमपाल पुत्र नत्थू निवासी ग्राम हुसैनपुर थाना कुन्दरकी जनपद मुरादाबाद और फरार साथी का नाम उमेश पुत्र प्रेमपाल निवासी गांगन तिराहा, संभल रोड, थाना कठघर जनपद मुरादाबाद बताया। पकड़े गये व्यक्ति के कब्जे से बरामद बाइक हीरो होंडा स्पलेंडर थाना आईटीआई में धारा 303(2) बीएनएस से पंजीकृत मुकदमे से सम्बन्धित होना पाई गई । अभियुक्त द्वारा पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी उमेश के साथ मिलकर मार्च 2025 में एक दुकान गंगा बाथ जसपुर खुर्द में चोरी की थी। मेरे हिस्से में आये रुपयों में से बचे हुए रुपये मैंने अपने घर पर रखे हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से दो लाख पांच हज़ार रुपये बरामद कर लिये। साथ ही बरामदगी के आधार पर उक्त मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोत्तरी कर दी। आईटीआई थानाध्यक्ष कुंदन सिंह रौतेला ने बताया कि फरार अभियुक्त की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष कुंदन सिंह रौतेला, उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक पुष्कर भट्ट, अपर उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, कांस्टेबल राजेश भट्ट, दीपक प्रसाद गिरीश विद्यार्थी, गिरीश कांडपाल, सुरेश चंद व राजेन्द्र जोशी थे।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *