हल्द्वानी में आधार केंद्रों का विशेष निरीक्षण अभियान, भीड़ और असुविधा कम करने के निर्देश
हल्द्वानी। जिलाधिकारी, नैनीताल के निर्देश पर हल्द्वानी में संचालित आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्रों का विशेष निरीक्षण अभियान आयोजित किया गया। उपजिलाधिकारी, हल्द्वानी ने नगर क्षेत्र के विभिन्न आधार केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आम नागरिकों को हो रही असुविधाओं का संज्ञान लिया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि हल्द्वानी तहसील परिसर में स्थित आधार केंद्र पर प्रतिदिन 100 से अधिक आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जबकि अन्य केंद्रों पर केवल 30–40 आवेदन ही आते हैं। इसके चलते तहसील केंद्र में भारी भीड़ और लंबी कतारें लग रही हैं।
इस समस्या के समाधान हेतु उपजिलाधिकारी, हल्द्वानी ने तहसीलदार को निर्देश दिए हैं कि तहसील परिसर में सभी आधार केंद्रों की सूची प्रमुख रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि नागरिक अधिक भीड़ होने पर अन्य नजदीकी केंद्रों का उपयोग कर सकें। साथ ही, सभी आधार केंद्रों को अपने परिसर में पर्याप्त प्रचार-प्रसार (सूचना पट्ट/साइनबोर्ड) सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सभी संबंधित एजेंसियों को भीड़ प्रबंधन, सूचना प्रसार और आधार केंद्रों के सुचारु संचालन के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में भी इन केंद्रों की नियमित निगरानी कर नागरिकों को सुविधाजनक और निर्बाध आधार सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी।


