दुष्कर्म मामले में लापरवाही पर एसएसपी का बड़ा एक्शन, महिला दरोगा निलंबित

खबरें शेयर करें

दुष्कर्म मामले में लापरवाही पर एसएसपी का बड़ा एक्शन, महिला दरोगा निलंबित

हल्द्वानी। महिला अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बड़ी कार्रवाई की है। दुष्कर्म के एक गंभीर मामले की विवेचना में लापरवाही और आरोपी को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप में लालकुआं थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक अंजू नेगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, लालकुआं थाना क्षेत्र में अक्टूबर 2025 में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का एक मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण की विवेचना महिला उपनिरीक्षक अंजू नेगी को सौंपी गई थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि विवेचना में गंभीर अनियमितताएं बरती गईं और आरोपी भगवत सरण को लाभ पहुंचाने के प्रयास किए गए।

पुलिस विभागीय जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मामले की निष्पक्षता प्रभावित हुई है, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया। इसके बाद एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए महिला उपनिरीक्षक को निलंबित करने के आदेश जारी किए।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिला सुरक्षा उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिला अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, पक्षपात या ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ऐसे संवेदनशील मामलों में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। साथ ही यह संदेश भी गया है कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष, ईमानदार और समयबद्ध जांच से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

 


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *