काशीपुर। मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को काशीपुर स्थित औद्यानिक परीक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यान में विकसित विभिन्न फसलों, फलों एवं सब्जियों के उत्पादन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राजकीय प्रजनन उद्यान, काशीपुर में आम, अमरूद, लीची, अनार, नीबू सहित विभिन्न पौध प्रजातियों के ग्राफ्टेड पौधे तैयार किए जाते हैं। उद्यान में आम की रंगीन प्रजातियाँ जैसे-पूसा अरुणिमा, अरुणिका, पूसा लालिमा, श्रेष्ठ, केसर, अम्बिका आदि तैयार की जा रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि उद्यान में आलू को ब्रीडर सीड से फाउंडेशन सीड में विकसित किया जाता है, जबकि किसानों को प्याज पौध बिना लाभ-हानि के आधार पर उपलब्ध कराई जाती है। वर्तमान में केंद्र में 30,000 ग्राफ्टेड पौध, 25,00,000 प्याज पौध तथा लगभग 1000 क्विंटल आलू बीज उत्पादन का कार्य प्रगति पर है।


