सितारगंज। केंद्रीय कारागार से मंगलवार तड़के एक दोषसिद्ध कैदी के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस और जेल प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के चलते करीब पांच घंटे बाद फरार कैदी को जेल से करीब एक किलोमीटर दूर लालरखास क्षेत्र से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार रोजाना की तरह मंगलवार सुबह जब जेल प्रशासन ने कैदियों की गिनती शुरू की तो बिजनौर (उत्तर प्रदेश) निवासी दोषसिद्ध बंदी पवन सैनी पुत्र तीरथ सैनी अनुपस्थित पाया गया।
इस पर जेलकर्मियों को शक हुआ और उन्होंने जेल की तलाशी ली वह नहीं मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस और जेल प्रशासन की संयुक्त टीम ने आसपास के क्षेत्रों और जंगलों में व्यापक कांबिंग ऑपरेशन शुरू किया। लगभग पांच घंटे की तलाशी के बाद टीम ने पवन सैनी को जेल से लगभग एक किलोमीटर दूर लालरखास क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
फरार कैदी की दोबारा गिरफ्तारी के बाद जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस संबंध में सीओ बीएस धौनी ने बताया कि कैदी के पकड़े जाने के बाद सर्च अभियान रोक दिया गया है। वहीं वरिष्ठ जेल अधीक्षक अनुराग मलिक ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोषसिद्ध कैदी को फिर से हिरासत में ले लिया गया है और उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि फरारी के मामले में कैदी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


