- नानकमत्ता। सितारगंज रोड पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में बीती रात अचानक आग लग गई। घटना में शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। अनुमान है कि इस अग्नि कांड में लगभग 60 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात जब शोरूम के स्वामी गुरप्रीत सिंह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे, उसके बाद शोरूम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने पीछे बने घर में सो रहे शोरूम स्वामी को सूचना दी। सूचना मिलते ही गुरप्रीत सिंह मौके पर पहुंचे और दुकान का शटर खोलकर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा इलेक्ट्रॉनिक सामान और नगदी जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि आग में टीवी, वॉशिंग मशीन, एसी, फ्रिज समेत अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद जल गए हैं और नुकसान की अनुमानित राशि करीब 60 लाख रुपये है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है।


