दीवाली खत्म होते ही सोना-चांदी के दामों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिल रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव और डॉलर की मजबूती से कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ गई है। बीते कुछ हफ्तों में सोना करीब 12000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 36000 रुपए किलोग्राम तक टूट चुकी है। निवेशकों में घबराहट है और घरेलू बाजार में खरीदार इंतजार की मुद्रा में हैं।
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन पर 24 कैरेट गोल्ड ने 17 अक्टूबर को 1,30,874 रुपए का ऑल टाइम हाई रिकॉर्ड बनाया था। आज, मंगलवार यानी 28 अक्टूबर को इसकी कीमत (Gold Price Today) 1,18,043 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई है। यानी पिछले 12 दिन में सोना 12831 रुपए सस्ता हो गया है। वहीं चांदी ने 14 अक्टूबर को 1,78,100 रुपए प्रति किलोग्राम के साथ ऑल टाइम हाई के जादुई आकड़े को छुआ था। जिसकी कीमत आज 1,41,896 रुपए प्रति किलोग्राम (Silver Price Today) रह गई है। यानी पिछले 15 दिन में इसमें 36,204 रुपए की भारी गिरावट आई है।


