सितारगंज में भीषण सड़क हादसा, छुट्टी पर घर आए ITBP जवान की मौत।
सितारगंज। उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। खटीमा मार्ग पर ग्राम बघोरा के पास एक डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार आईटीबीपी (ITBP) जवान त्रिलोकी कुमार (33 वर्ष) का निधन हो गया, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, जवान त्रिलोकी कुमार पुत्र ओमप्रकाश, निवासी वार्ड नंबर 4, शक्तिनगर (सितारगंज), अपने पिता के साथ बाइक से खटीमा की ओर से लौट रहे थे। जैसे ही वे बघोरा के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार डंपर (खनन वाहन) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि त्रिलोकी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पिता ओमप्रकाश को गंभीर हालत में इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
लेह-लद्दाख में थे तैनात
त्रिलोकी कुमार आईटीबीपी में तैनात थे और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग लेह-लद्दाख में थी। वे कुछ ही दिन पहले छुट्टी पर अपने घर आए थे। जवान की मौत की खबर सुनते ही पूरे सितारगंज क्षेत्र और उनके परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे मोर्चरी में रखवा दिया है। डंपर चालक की तलाश की जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तराई वॉयस न्यूज़ डेस्क


