ऊधमसिंहनगर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली किच्छा पुलिस ने चेकिंग के दौरान ग्राम कुरैया क्षेत्र से एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी शावेज़ खान उर्फ समीर, निवासी ग्राम दरऊ को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15.20 ग्राम स्मैक, 1700 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।


