महिला सुरक्षा में लापरवाही पर बड़ा एक्शन, दो महिला कांस्टेबल सस्पेंड — एसएसपी अजय गणपति का सख्त संदेश
ऊधमसिंहनगर में महिला सुरक्षा को लेकर एसएसपी अजय गणपति ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। महिला संबंधी मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को अस्वीकार्य बताते हुए एसएसपी ने रुद्रपुर कोतवाली की महिला हेल्प डेस्क पर तैनात दो महिला कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की रहने वाली एक महिला ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी कि उसकी नाबालिग बेटी को 17 अप्रैल 2026 को यश प्रताप सिंह नामक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपी ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई।
महिला ने बताया कि उसने कई बार कोतवाली रुद्रपुर, कोतवाली पंतनगर और महिला हेल्प डेस्क में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन नियमानुसार कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला हेड कांस्टेबल पायल आर्या और महिला कांस्टेबल मंजू आर्या को ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर तत्काल निलंबित कर दिया।
इसके साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच क्षेत्राधिकारी पंतनगर डीआर वर्मा को सौंपी गई है। जांच अधिकारी को सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में महिला अपराधों को लेकर “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि हर पीड़िता को त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिला संबंधी शिकायतों में किसी भी स्तर पर उदासीनता, असंवेदनशीलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी के इस सख्त एक्शन के बाद पुलिस विभाग में भी स्पष्ट संदेश गया है कि महिला सुरक्षा के मामलों में अब किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


