उधम सिंह नगर से बड़ी खबर सामने आ रही है।
माननीय मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान को आगे बढ़ाते हुए एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
रुद्रपुर क्षेत्र का कुख्यात असलाह सप्लायर बंटी कोली पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि बंटी कोली लंबे समय से अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त था और उसकी तलाश स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखंड को भी थी।
जानकारी के अनुसार एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंटी कोली अपने एक साथी के साथ मोदी मैदान के पास अवैध तमंचों की डिलीवरी देने आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखते ही बंटी कोली ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें बंटी कोली के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने बंटी कोली और उसके साथी मनोज कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 9 अवैध तमंचे, एक पिस्टल, कई जिंदा कारतूस, नगदी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार बंटी कोली पर पहले से ही आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वर्ष 2024 में उसे तीन माह के लिए जिला बदर भी किया गया था। जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ पहले भी मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
फिलहाल घायल बंटी कोली को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


