उधम सिंह नगर के दिनेशपुर में प्रशासन ने एक अवैध अस्पताल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। जिलाधिकारी को मिली शिकायत के बाद एसडीएम गदरपुर ऋचा सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने लाइफलाइन अस्पताल में औचक छापेमारी की।
जांच के दौरान अस्पताल में डिलीवरी से संबंधित कई उपकरण, महिलाओं के एबॉर्शन में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां और अन्य चिकित्सकीय सामग्री बरामद हुई। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर कोई महिला चिकित्सक मौजूद नहीं थी।
टीम ने जब अस्पताल में मौजूद बीएएमएस चिकित्सक डॉ. असगर अली से अस्पताल संचालन और पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित पाया गया।
इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। वहीं कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य निजी अस्पतालों और क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।


