बरेली में फर्जी सैन्य सामग्री के कारोबार पर बड़ा एक्शन, 2500 मीटर प्रतिबंधित आर्मी यूनिफॉर्म कपड़ा बरामद
बरेली। मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर कैंट पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकटिया क्षेत्र में संचालित एक दुकान पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित इंडियन आर्मी कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा और सैन्य सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार बरेली में विभिन्न स्थानों पर मिलिट्री वर्दी और सैन्य सामग्री के अवैध कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसी क्रम में बरेली-लखनऊ हाईवे स्थित नकटिया क्षेत्र में छापा मारकर करीब 2500 मीटर प्रतिबंधित आर्मी कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा बरामद किया गया।
छापेमारी के दौरान 200-200 मीटर के सात बंडल, 100-100 मीटर के पांच बंडल, करीब 150 मीटर अतिरिक्त प्रतिबंधित कपड़ा, कॉम्बैट यूनिफॉर्म के कटपीस, जूते के फीते, टोपी, बैज समेत अन्य सैन्य सामग्री भी बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। बरामद सामग्री के स्रोत और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।


