16 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल तक फैला था नेटवर्क
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ANTF/SOG और किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 52.08 ग्राम स्मैक बरामद
रुद्रपुर/किच्छा। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये कीमत की 52.08 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई ANTF/SOG रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने चौकी कलकत्ता फार्म क्षेत्र में चेकिंग के दौरान की।
पुलिस के अनुसार, सूर्य नगर गेट नंबर-5 के पास चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में सचिन सिंह के पास से 41.02 ग्राम तथा सुखविंदर सिंह के पास से 11.06 ग्राम स्मैक बरामद हुई। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, नगदी और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने नेपाल के लोगों को स्मैक सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशा कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और “नशा मुक्त देवभूमि” अभियान को पूरी गंभीरता से आगे बढ़ाया जाएगा।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


