राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: SIT रिपोर्ट के बाद रेडियो मेंटेनेंस ऑफिसर का तबादला, 8 आरोपी न्यायिक हिरासत में
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार तेज हो रही है। SIT की रिपोर्ट के बाद लंबे समय से अयोध्या में तैनात रेडियो मेंटेनेंस ऑफिसर अर्जुन देव का तबादला गोरखपुर कर दिया गया है। वहीं, इस मामले में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को अदालत ने 14 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन देव वर्ष 2009 से अयोध्या में तैनात थे। इस दौरान उनका कई बार तबादला हुआ, लेकिन विभिन्न कारणों से हर बार रुक गया। हाल ही में उनका लखनऊ तबादला भी निरस्त कर दिया गया था। अब SIT रिपोर्ट के बाद उन्हें गोरखपुर भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि राम मंदिर के काउंटिंग रूम में चढ़ावे की गिनती के दौरान लगे CCTV कैमरों के साथ-साथ पूरे मंदिर परिसर में स्थापित करीब 1,600 CCTV कैमरों और वायरलेस संचार व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी अर्जुन देव के पास थी।
उधर, पुलिस इस मामले की जांच का दायरा लगातार बढ़ा रही है। बैंक रिकॉर्ड, मंदिर से जुड़े कर्मचारियों और अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


