उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंडियन ऑयल का पेट्रोल से भरा टैंकर अचानक आग की चपेट में आ गया। राहत की बात यह रही कि आग टैंकर तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था।
गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के पुनौनी गांव के पास चंदौली के अलीनगर डिपो से करीब 10 हजार लीटर पेट्रोल लेकर आजमगढ़ जा रहे इंडियन ऑयल के टैंकर के केबिन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
आग लगते ही चालक अजीत कुमार और खलासी सुनील कुमार ने कूदकर अपनी जान बचाई। दोनों ने पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी।
सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
गनीमत रही कि आग केवल केबिन तक ही सीमित रही। यदि आग पेट्रोल से भरे टैंकर तक पहुंच जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और भारी जनहानि की आशंका थी।
खानपुर थाना प्रभारी रविंद्र सिरोही ने बताया कि प्रारंभिक जांच में केबिन में तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की बात सामने आई है। टैंकर की जांच के बाद उसे सुरक्षित रूप से आजमगढ़ के लिए रवाना कर दिया गया।
फिलहाल इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर पेट्रोलियम टैंकरों की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी जांच को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


