वॉटर पार्क में दर्दनाक हादसा: स्लाइड से टकराने पर युवक की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

खबरें शेयर करें

वॉटर पार्क में दर्दनाक हादसा: स्लाइड से टकराने पर युवक की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनेशपुर। भीषण गर्मी के बीच वॉटर पार्क में मौज-मस्ती करने पहुंचे एक युवक की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। चित्तरंजनपुर गांव स्थित एक वॉटर पार्क में स्लाइड से उतरते समय सिर दीवार से टकराने के कारण 32 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं वॉटर पार्कों और स्विमिंग पूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी कपिल सैनी (32) धर्मपुर में किराये के मकान में रहकर सिडकुल की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। रविवार शाम वह अपने आधा दर्जन साथियों के साथ चित्तरंजनपुर स्थित वॉटर पार्क में घूमने और नहाने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्लाइड से उतरते समय उनका सिर तेज गति से दीवार से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम छा गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुरक्षा मानकों की जांच की उठी मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर और आसपास संचालित वॉटर पार्कों एवं स्विमिंग पूलों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों का समुचित पालन नहीं किया जाता। लाइफगार्ड, चेतावनी संकेत, सुरक्षा उपकरण और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से हादसों का खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जिले के सभी वॉटर पार्कों और स्विमिंग पूलों की विशेष जांच कराई जाए तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *