सौरव गांगुली को धमकी भरे पत्रों से मचा हड़कंप, पत्नी डोना समेत करीबियों को नुकसान पहुंचाने की धमकी
कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली को कथित तौर पर पिछले कई महीनों से लगातार धमकी भरे पत्र मिल रहे हैं। ताजा मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। धमकी भरे पत्रों में गांगुली के साथ उनकी पत्नी डोना और उनके करीबी कर्मचारियों को भी नुकसान पहुंचाने की बात कही गई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, सोमवार को गांगुली के कार्यालय में दो और धमकी भरे पत्र पहुंचे। इसके बाद उनके मैनेजर ने दक्षिण कोलकाता के ठाकुरपुकुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि पिछले करीब छह महीनों से इस तरह के पत्र मिल रहे थे। शुरुआत में इन्हें प्रशंसकों की नाराजगी समझकर ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया गया, लेकिन हालिया पत्रों में स्पष्ट धमकियां मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पुलिस अब इन पत्रों के पीछे छिपे व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। जांचकर्ताओं ने पत्रों के स्रोत और उन्हें कूरियर के जरिए भेजे जाने की पूरी कड़ी खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में संदेह जताया गया है कि पत्र उत्तर 24 परगना जिले के बेलघरिया निवासी किसी व्यक्ति द्वारा कूरियर से भेजे गए हो सकते हैं।
पुलिस ने धमकी भरे पत्र भेजने में इस्तेमाल किए गए कथित मोबाइल नंबर और सिम कार्ड की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित कूरियर एजेंसी से भी जानकारी जुटाई जा रही है। कूरियर कर्मचारियों से पूछताछ के अलावा पुलिस एक मोबाइल नंबर को ट्रैक करने का प्रयास कर रही है, जिससे आरोपी तक पहुंचने में मदद मिल सके।
जासूस इस एंगल से भी जांच कर रहे हैं कि सभी पत्र एक ही व्यक्ति ने भेजे हैं या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश का हाथ है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में पश्चिम बंगाल सरकार ने सौरव गांगुली की सुरक्षा श्रेणी Z से घटाकर Y कर दी थी। धमकी भरे पत्रों के सामने आने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि धमकी देने वाला कौन है और उसके पीछे असली मकसद क्या है।


