पुणे में सड़क हादसे में दिनेशपुर के युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

पुणे में सड़क हादसे में दिनेशपुर के युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
दिनेशपुर। महाराष्ट्र के पुणे में हुए सड़क हादसे में दिनेशपुर निवासी 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजन शव को दिनेशपुर लाने के लिए पुणे रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, दिनेशपुर नगर के वार्ड नंबर चार निवासी अनुज बैरागी पुत्र बुलगानी बैरागी पिछले कुछ वर्षों से महाराष्ट्र के पुणे में रहकर एक रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार को काम से लौटते समय अनुज अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल अनुज को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही दिनेशपुर स्थित उसके घर में मातम छा गया। परिवार के सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अनुज की असामयिक मौत से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। परिजन पुणे से उसका शव दिनेशपुर लाने के लिए रवाना हो गए हैं।