ब्यूरो चीफ- दिवेंदु राय
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस अब नए प्रतीक चिह्न और नए ध्वज के साथ अपनी अलग पहचान बनाने जा रही है। करीब 18 साल बाद पुलिस की प्रतीकात्मक पहचान में बड़ा बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड पुलिस के नए गौरव चिह्नों का अनावरण किया।
पुलिस के नए लोगो में हिमालय और नदियों के माध्यम से उत्तराखंड की प्राकृतिक विरासत को दर्शाया गया है। वहीं अशोक स्तंभ, सत्यमेव जयते और स्वर्णिम लॉरेल रीथ को शामिल कर राष्ट्रीय गौरव, सत्यनिष्ठा और उत्कृष्टता का संदेश दिया गया है।
इसके साथ ही उत्तराखंड पुलिस की नई सेरेमोनियल वर्दी भी तैयार की गई है। आगामी 6 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष समारोह में पुलिस के जवान इसी नई वर्दी में भव्य परेड करते नजर आएंगे।
पुलिस की यह नई पहचान सिर्फ लोगो और वर्दी में बदलाव नहीं है, बल्कि इसके जरिए उत्तराखंड पुलिस की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनता की सेवा के संकल्प को नई पहचान देने का प्रयास किया गया है।

