ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत उधम सिंह नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई 22.50 किलो अवैध गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, छह लाख रुपये की खेप बरामद।

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत उधम सिंह नगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 22 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा, एक मोटरसाइकिल और एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब छह लाख रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के निर्देश एवं क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) वैभव सैनी के पर्यवेक्षण में एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू के नेतृत्व में संयुक्त टीम 17 जुलाई की रात वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान किरतपुर जाने वाले मार्ग की सर्विस लेन पर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सुशील कुमार पुत्र रामवरण साहनी, निवासी ग्राम भिरारी, थाना चकमेसी, जिला समस्तीपुर (बिहार) एवं वर्तमान निवासी सरस्वती विहार कॉलोनी, भूरारानी, रुद्रपुर ने बताया कि वह यह गांजा अपने जीजा राकेश साहनी से लेकर आया था और इसे रामपुर टोल प्लाजा से पहले एक व्यक्ति को सप्लाई करना था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 368/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

बरामदगी

– 22 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा
– एक मोटरसाइकिल


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *