ऊधम सिंह नगर में नशा तस्करों के खिलाफ एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सितारगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बीएड कॉलेज के पास वलीनगर क्षेत्र में छापेमारी कर पांच नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 51.97 ग्राम स्मैक, स्मैक बिक्री से मिले ₹8,310 नकद, नशे की कमाई से खरीदी गई ज्वैलरी, सात मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और स्मैक परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो गाड़ियां बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी कॉलेज के पास स्मैक की पुड़िया बनाकर युवाओं को बेच रहे थे, जिसकी शिकायतें लगातार मिल रही थीं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


